फतेहपुर। शिक्षिका शालिनी यादव की हत्या के तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ ठोस सुराग नहीं लगे हैं। सोमवार को औजार (आलाकत्ल) की तलाश में पुलिस शहर के नासिरपीर इलाके में खाली प्लॉटों का चप्पा-चप्पा खंगालने में जुटी है। वहीं असोथर थाने के अंदीपुर गांव पहुंचकर शिक्षक के पैतृक घर की तलाशी लेने के साथ ग्रामीणों से पूछताछ की।
राधानगर थाने के जख्नी गांव के पूर्व प्रधान धर्म सिंह की पुत्री शालिनी (29) ने तीन दिसंबर 2017 को असोथर थाना क्षेत्र के अंदीपुर निवासी दिलीप यादव के साथ प्रेम विवाह किया था। दिलीप बहुआ ब्लॉक के चक अल्लीपुर प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक है। शालिनी शहर के एक निजी विद्यालय में शिक्षिका थी।
दोनों अपने एक बेटे के साथ शहर के नासिरपीर गैस गोदाम रोड पर रहते थे। शनिवार सुबह शालिनी का खून से लथपथ शव घर में पानी भरे टब में डूबा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है और शरीर पर सात चोट के निशान मिले हैं।
शालिनी के पिता ने पति दिलीप और उसके शिक्षक भाइयों संदीप व भूपेंद्र के खिलाफ बेटी की हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने घटना के बाद दिलीप को घर से ही हिरासत में लिया था।
पूछताछ में दिलीप हर सवाल का सटीक जवाब दे रहा है। ऐसे में पुलिस हत्या की कड़ी तक नहीं पहुंच पा रही है। हत्या में दिलीप के अलावा किसी और के शामिल होने का भी कयास लगाया जा रहा है। यह भी माना जा रहा है कि सुनियोजित तरीके से हत्या कराई गई हो।
तीन दिन की पूछताछ के बाद भी पुलिस हत्या में प्रयुक्त वह औजार बरामद नहीं कर सकी है। इससे शालिनी को पानी भरे टब में डुबोने से पहले गहरी चोट पहुंचाई गई थी। पुलिस ने उन मोबाइल नंबरों की जांच शुरू की है जिनसे शिक्षिका और शिक्षक की अधिक बातचीत होती थी।
ऐसे करीब पांच से छह मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर पुलिस जांच में जुटी है। इधर शालिनी के पिता धर्म सिंह ने बताया कि वह मंगलवार को एसपी से मुलाकात करेंगे और तीनों आरोपियों को जेल भेजने की मांग करेंगे। एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि फिलहाल पूरी तरह से दिलीप पर ही शक है। उसके खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
दो साल से शिक्षक का प्रेम प्रसंग, मांग रहा था तलाक
शिक्षिका के परिचित लोगों ने बताया कि दो साल से दिलीप का एक महिला से प्रेम प्रसंग था। महिला से प्रेम संबंध का शालिनी विरोध करती थी। इसे लेकर दोनों के बीच अनबन रहती थी। दिलीप दो साल से शालिनी से तलाक मांग रहा था लेकिन वह तलाक देने को राजी नहीं थी। इधर, कुछ समय से शालिनी अपने बेटे के साथ अलग रहने की सोच रही थी। वह नासिरपीर मोहल्ले में ही छोटा और सस्ता किराये का घर तलाश रही थी।
फाइल फोटो-45-शिक्षिका शालिनी। स्रोत: परिजन- फोटो : Archive
फाइल फोटो-45-शिक्षिका शालिनी। स्रोत: परिजन- फोटो : Archive