फतेहपुर। चोरी की बाइकों पर फर्जी नंबर लगाकर बेचने वाले आरोपी को कोर्ट ने दोषी करार दिया। कोर्ट ने उसे पांच साल की कैद और 11 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया है।
हुसैनगंज पुलिस ने 2022 में रायबरेली जिला डलमऊ थाने के कल्यानपुर बेती निवासी राहुल उर्फ शैलेंद्र सोनकर को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की 10 बाइक बरामद की हैं। एक बाइक बेचने के लिए राहुल ने नंबर प्लेट बदली थी।
पुलिस ने राहुल के खिलाफ चोरी बाइक बरामदगी और धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की थी। एएसजे/ईसी एक्ट कोर्ट ने बृहस्पतिवार को मामले की अंतिम सुनवाई की। कोर्ट ने राहुल उर्फ शैलेंद्र को दोषी करार देकर पांच वर्ष की कैद और 11 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड अदा न करने पर छह माह का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतने का आदेश दिया गया है।