फतेहपुर। नगर पालिका अब प्लाॅटों में कूड़ा फेंकने वालों पर सख्ती करेगी। सुबह पांच बजे से कूड़ा फेंके जाने वाले प्लाॅटों पर निगरानी के लिए नगर पालिका कर्मचारियों की ड्युटी लगाई जाएगी। यह कर्मी कूड़ा फेंकने वालों का वीडियो बनाएगा। इसी के आधार पर जुर्माना किया जाएगा। यह व्यवस्था आवास विकास कालोनी से शुरू होगी।
शहर के सभी 34 वार्डों में डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था लागू है। सुबह से ही कूड़ा कलेक्शन वाहन लोगों के घरों में दस्तक दे रहे हैं लेकिन लोग 50 रुपये महीने देने से बचने के लिए कूड़ा वाहन में नहीं देते हैं। लोगों ने शहर की आबादी के मध्य खाली पड़े प्लाॅटों को कूड़ा डंपिंग सेंटर बना लिया है। लोग घरों से निकलने वाला कूड़ा खाली प्लाॅटों पर डाल रहे हैं। अन्न मवेशी प्लाॅट से कूड़ा रास्तों फिर बिखेर देते हैं। ऐसे में झाडू लगने के बावजूद सड़कों में गंदगी बिखरी रहती है। यही कारण है कि स्वच्छता रैंकिंग की श्रेणी में खास सुधार नहीं हो रहा है। ऐसे में नगर पालिका खाली प्लाॅटों में कूड़ा फेंकने वालों पर जुर्माना करने का निर्णय लिया है। सबसे पहले यह व्यवस्था आवास विकास कालोनी से लागू होगी।
नगर पालिका के ईओ रविंद्र कुमार ने बताया कि जुर्माने की प्रक्रिया शुरू करने के तैयारी पूरी हो गई है। मोहल्लेवार घरों की सूची तैयार करा ली गई है। जिन कूड़ा कलेक्शन करने वाली टीम को भुगतान न करने वाले घरों की निगरानी की जाएगी। खाली प्लाॅटों में कूड़ा फेंकते समय वीडियो बनाकर जुर्माने की कार्रवाई होगी।