हथगाम। पारिवारिक बहन को बाइक से लेकर खागा जा रहे एक युवक को चौकी चौराहे के पास रोडवेज ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। जबकि बहन घायल हैं।
खागा कोतवाली क्षेत्र के नंदापुर गांव निवासी राममिलन (35) शनिवार को बाइक से अपनी ससुराल पैगापुर थाना हथगाम गया था। वह ससुराल से वापस लौट रहा था।
लाल का पुरवा गांव से वह अपनी पारिवारिक बहन सोमवती पत्नी करन को लेकर नंदापुर के लिए निकला। चौकी चौराहा पहुंचते ही एक रोडवेज बस ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में राममिलन व सोमवती घायल हो गए। दोनों को सीएचसी हथगाम ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने राममिलन को मृत घोषित कर दिया। जबकि सोमवती का इलाज किया।
राममिलन ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। राममिलन अपने पीछे पत्नी सीता व पांच बेटी गुड़िया, पूनम, नीलम, शीलू, बिट्टी को छोड़कर गया है। उसकी पत्नी सीता ने दस दिन पहले ही एक बेटे को जन्म दिया है।