किशनपुर। देवरानी के साथ रहने वाली महिला ने रविवार की रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद खिड़की तोड़कर पुलिस कर्मी कमरे में घुसे, तो अंदर महिला का शव फंदे पर लटक रहा था।
किशनपुर थाना क्षेत्र के बरौलिया गांव की रहने वाली प्रिया देवी (30) पत्नी सोनू ने रविवार की रात अज्ञात कारणों के चलते अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। घर में उस समय उसकी देवरानी संगीता देवी थी।
सुबह जब प्रिया के कमरे का दरवाजा नहीं खोला, तो संगीता ने लोगों को बताया। ग्रामीणों ने आवाज लगाई लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो पुलिस को बुलाया गया।
पुलिस ने कमरे में बनी खिड़की को तुड़वाया तो पता चला कि प्रिया ने खुदकुशी कर ली है। बताया कि सोनू से उसकी शादी आठ साल पहले हुई थी और प्रिया गैर प्रांत की रहने वाली थी।
सोनू मौजूदा समय में बाहर रहकर नौकरी कर रहा है। उसका भाई मोनू व पिता राजाराम शर्मा व माता भी बाहर ही रहते हैं। सूचना पर परिजन घर पहुंचे और ससुर राजाराम ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।