विजयीपुर। किशनपुर थाना क्षेत्र के थुरियानी गांव में किशोरी से छेड़खानी किए जाने पर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
112 नंबर की सूचना पर फोर्स पहुंचा। विवाद में दोनों पक्षों से 10 लोग घायल हुए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर सीओ घटनास्थल पर जांच करने पहुंचे।
गांव के एक पक्ष की किशोरी बुधवार शाम को जंगल गई थी। जहां एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी की। घर लौटकर किशोरी ने आपबीती अपने भाई को बताई। भाई ने शाम को युवक को पकड़ लिया और उससे पूछताछ करने लगा।
इस दौरान युवक पक्ष से कुछ लोग पहुंच गए। इधर किशोरी पक्ष के लोग पहुंच गए। दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडे और धारदार हथियार चलने लगे। मारपीट में एक पक्ष से रामचंद्र, संजय, राजेंद्र और उसकी पत्नी आशु देवी, बेटी सविता घायल हुई।
जबकि दूसरे पक्ष से मंगल, श्रीचंद्र, लक्ष्मण, सुखराज, मुल्की घायल हुईं। सीओ जीडी मिश्रा ने बताया कि घायलों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।