फतेहपुर। एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे की तारीख में आए एक वृद्ध की कोर्ट परिसर में ही तबियत बिगड़ गई। वह बेहोश होकर गिर पड़ा, लोगों ने पानी डालकर उसे होश में लाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौत हो गई।
इससे परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बनी गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद शव को मोर्च्युरी में रखवा दिया।
धाता थाना क्षेत्र के ऐलई गांव निवासी जगरुप पासवान (60) अपने चचेरे भाई रामविशाल के साथ एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे की तारीख करने के लिए कोर्ट आया था। कोर्ट में दोपहर को पेशी होने से पहले उसकी तबियत बिगड़ गई।
वकील उसे बाहर लेकर आए और पानी डालकर होश में लाने की कोशिश की। इसबीच उसकी सांसे थम गई। चचेरे भाई रामविशाल ने बताया कि जगरुप ने सुबह पेट और सीने में दर्द होने की शिकायत बताई थी।
उसके बाद तारीख में आने के लिए खाना खाकर निकले थे। करीब आठ साल से मुकदमे की पैरवी में कोर्ट आते-जाते थे। गांव के रामनजर पक्ष से मारपीट का मुकदमा चल रहा है। कोतवाल अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि हार्ट अटैक से मौत होने की संभावना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
कोर्ट परिसर में जांच करती पुलिस व शव देखते लोग। संवाद- फोटो : FATEHPUR