फतेहपुर। बिजली विभाग ने बकाया वसूलने के लिए 100 लोगों को आरसी जारी की है। ये मामले 2.41 करोड़ रुपये की बकायेदारी है, जिसमें बिजली चोरी पर लगाया गया जुर्माना और बड़े बकायेदारों के नाम हैं।
बिजली चोरी में पकड़े गए और कनेक्शन लेने के बाद बिल न जमा करने वालों पर विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सितंबर महीने में 48 लोग बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए थे।
जिन पर विभाग की ओर से एक करोड़ एक लाख 92652 रुपये का जुर्माना लगाया गया था। इसकी वसूली के लिए विभाग ने आरसी जारी की है।
इनमें 52 उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनका बिजली का बिल 50 हजार रुपये से अधिक है और नोटिस के बाद भी उसे जमा नहीं किया गया है। इन पर एक करोड़ 39 लाख 87 हजार रुपये का बकाया है।
अब इनसे बिल वसूली के लिए आरसी जारी कर दी गई है। अधिशासी अभियंता रामसनेही ने बताया कि जिन लोगों का बिजली का बिल बकाया है, वह एकमुश्त योजना में पंजीकरण करा लें।
अगर ऐसा नहीं करते हैं, तो आरसी के माध्यम से वसूली की जाएगी। जो लोग बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए हैं, उनसे आरसी के माध्यम से जुर्माना की धनराशि वसूलने की तैयारी कर ली गई है।
कनेक्शन के बाद सामान उठाने के लिए भेजा पत्र
फतेहपुर। संपूर्ण जमा योजना में कनेक्शन कराने वाले किसानों का सामान स्टोर में आ गया है, जिसमें 12 किसानों ने अभी तक सामान उठा कर नहीं ले गए हैं। वर्कशाप प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि अप्रैल से अब तक 400 किसानों ने संपूर्ण जमा योजना में ट्यूबवेल का कनेक्शन कराया है।
388 किसान वर्कशाप से ट्रांसफार्मर, तार, डिस्क, इंसुलेटर व अन्य सामान उठा ले गए हैं, लेकिन 12 किसान अभी तक नहीं आए हैं। इनको बार-बार पत्र लिखा जा रहा है।