फतेहपुर। मलवां पुलिस ने एक साल पहले घर में घुसकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने आरोप लगाया कि 11 सितंबर 2020 को वह अपने घर पर सो रही थी। रात करीब साढ़े 11 बजे गांव का आनंद प्रकाश घर में घुस आया। उसने उसे दबोच कर दुष्कर्म किया।
शिकायत करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और चला गया। घटना के बारे में उसने पिता को जानकारी दी। इसके बाद पिता के साथ थाने पहुंची और पुलिस को घटना की तहरीर दी।
पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसने मामले की शिकायत एसपी से भी की। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, तो उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। थानाध्यक्ष अरविंद सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।