विजयीपुर। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत धनराशि मिलने के बाद भी शौचालय निर्माण न करने वाले 300 लाभार्थियों को नोटिस दी गई है। नोटिस में उन्हें मुकदमे व धनराशि वसूली की चेतावनी दी गई है।
2021 में 1140 लाभार्थियों के खाते में करीब चार महीने पहले शौचालय निर्माण के लिए धनराशि भेजी गई थी। इसमें से 485 लाभार्थियों ने शौचालय बना लिया है। जबकि 280 लाभार्थियों ने शौचालय का निर्माण शुरू करा दिया।
375 लाभार्थी ऐसे हैं, जिन्होंने पैसा तो निकाल लिया है लेकिन अभी तक शौचालय का निर्माण नहीं कराया। ब्लाक अफसरों ने कई बार लाभार्थियों से शौचालय निर्माण कराने के लिए कहा लेकिन उन्होंने निर्माण शुरू नहीं कराया।
इस पर सचिवों के स्तर से 300 लाभार्थियों को नोटिस जारी की है। इसमें ब्लाक के गढ़ा, सलवन, मड़ौली, रायपुर भसरौल, एकडला सहित कई ग्राम पंचायतें हैं, जहां के लाभार्थियों को नोटिस दी गई हैं।
सचिव शिवनंदन सिंह, हेमंत सिंह, चंद्रप्रकाश सिंह और लवलेश मिश्रा ने बताया कि प15 दिन के अंदर निर्माण शुरू नहीं कराने पर धनराशि की वसूली या मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।