भिटौरा बाईपास में अवैध कट बंद करते एनएचआई कर्मी। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। हाईवे के अवैध कटों को बंद कराने के लिए एनएचएआई हरकत में आ गया है। मंगलवार को दो दर्जन अवैध कटों में पत्थर लगाकर उन्हें बंद करा दिया गया। एनएचएआई प्रबंधक ने डायवर्जन और मोड़ पर संकेतक लगाने के भी निर्देश दिए हैं।
अमर उजाला ने हाईवे में बने अवैध कटों से होने वाले हादसों को लेकर अभियान चलाया, तो एनएचएआई की टीम ने मामले को संज्ञान लिया।
थरियांव से अल्लीपुर तक हाईवे पर बने अवैध कटों को बंद कराया गया। क्रेन व मजदूर लगाकर सीमेंट के बैरीकेट अवैध कटों में लगा दिए गए। बता दें कि कस्बों और ग्रामीण क्षेत्र के प्रमुख मार्गों के पास अवैध कट बने हैं, जहां से बाइक, साइकिल व पैदल राहगीर निकलते हैं।
इससे हादसे भी हो रहे हैं। ज्यादातर अवैध कट अंडरपॉस वाले स्थान पर ही हैं। एनएचएआई और निर्माण करा रही पीएनसी ने ही अंडरपॉस निर्माण के समय हाईवे में अवैध कट बनाए थे।
जब अंडरपॉस का निर्माण पूरा हो गया तो उनमें पत्थर के बैरीकेट लगा दिए। 500 मीटर के चक्कर से बचने लिए राहगीर बैरीकेट हटा कर सीधे निकलना शुरू कर देते हैं।
टीम लगाकर अवैध कटों को बंद कराया गया है। थरियांव से अल्लीपुर तक करीब 20 स्थानों पर बैरीकेट हटा कर बाइक सवार निकल रहे थे। साथ ही जहां पर संकेतक नहीं लगे हैं, वहां जल्द लगा दिए जाएंगे। - अनुज तिवारी, पीएनसी मैनेजर।