जिला अस्पताल के प्याऊ की टोंटी में पानी दखता तिमारदार। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। होली का त्योहार नजदीक आते ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। दिन प्रतिदिन बढ़ती तपिश से गला सूखने लगा है, लोगों को प्यास सताने लगी है। ऐसे में प्रशासन की ओर से गर्मी को लेकर अभी तक की गई तैयारी अधूरी ही दिख रही है।
प्याऊ और शीतल जल के फ्रीजर महज शोपीस बने हैं। कुछ में टोंटी ही नहीं है, तो कुछ में पानी नहीं आ रहा है। ऐसे में लोगों को शुद्ध और शीतल जल उपलब्ध कराने की सरकारी दावा बेमानी सा लगता है।
आदर्श रेलवे स्टेशन का तमगा मिलने के बाद भी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक, दो और तीन में बने तीन स्टैंडपोस्ट बदहाल हैं। प्लेटफार्म एक में तीन स्टैंडपोस्ट हैं, जिसमें दो की टोटियां सूखी हैं।
प्लेटफार्म नंबर दो व तीन के स्टैंडपोस्टों की टोटियां खराब हैं। इसी प्रकार ज्वालागंज रोडवेज बस अड्डा में पीने के पानी की समस्या मुसाफिरों को परेशान कर रही है। यहां बने स्टैंडपोस्ट की टोटियां टूटी हुई हैं।
इन्हें बंद कर दिया गया है। जो टोटियां सही हैं, उनसे पानी बहुत धीमा निकलता है। यात्रियों का कहना है कि जलापूर्ति के लिए जो पानी टंकी रखी हुई है, उसमें ढक्कन नहीं है। पक्षी और बंदर टंकी के ऊपर बैठकर गंदगी करते हैं।
वही पानी टोटियों से निकलता है। जिला अस्पताल के महिला वार्ड के स्टाफ रूम में पानी नहीं आ रहा है। ऐसे में गर्मी के समय ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को प्यास बुझाने में दिक्कत होगी।
सीडीओ सत्यप्रकाश ने बताया कि गर्मी में पानी की समस्या न हो। इसके लिए सभी विभागाध्यक्षों को प्याऊ सही कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसी महीने में पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करा दी जाएगी।