फतेहपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर सोमवार रात आठ बजे यात्रियों से वसूली करते फर्जी टीटी को पकड़ा गया है। उसके पास से फर्जी आईडी और नियुक्त पत्र निकला है। वह ड्रेस भी टीटी की पहने हुए था। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज किया है।
कामर्शियल इंस्पेक्टर महेंद्र गुप्ता, वरिष्ठ टिकट परीक्षक (सीआईटी) रामबिहारी, आरपीएफ सिपाही घनश्याम, जीआरपी सिपाही हरेंद्र कुमार वर्मा की संयुक्त टीम सोमवार शाम प्लेटफार्म नंबर एक पर टिकट चेकिंग कर रही थी।
टीम ने टीटी की ड्रेस में एक युवक को भारतीय रेलवे का आई कार्ड गले में डालकर सीआईटी कार्यालय के बाहर खड़ा देखा। स्टेेशन और कार्यालय में पहले युवक को टीम ने कभी नहीं देखा था।
इसी वजह से शक पैदा हुआ, जब उससे टीम ने पूछताछ की, तो मामला खुल गया। सीआईटी रामबिहारी ने बताया कि युवक ने पूछताछ में खुद को टीसी बताया।
उसने अपना नाम देवेंद्र कुमार अग्निहोत्री निवासी ओती थाना ललौली और हाल पता टाटा गेट एयरफोर्स आगरा बताते हुए कहा कि वह आईआरसीटीसी दिल्ली में ट्रेनिंग पर है। जहां से उसे चेकिंग पर भेजा गया है।
इतना सुनने के बाद टीम ने भर्ती के बारे में जानकारी की। तो उसके फर्जी होने का पता चला। उसका पांच पेज का नियुक्ति पत्र और आईकार्ड भी जांच में फर्जी निकला।
जीआरपी थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि फर्जी टीटी बनकर घूम रहे युवक को पकड़ा गया है। सीआईटी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है।