धाता थाने के बाहर मौजूद हादसे में दिवंगत हुए जय सिंह के घरवाले। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
धाता। घोषी गांव से देर रात बाइक से निकले एक युवक का शव शुक्रवार सुबह डेंडासाई गांव के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। पुलिस ने उसकी फोटो सोशल मीडिया में वायरल की तो उसकी शिनाख्त हो सकी।
डेंडासाई गांव के पास शुक्रवार की सुबह लोगों ने सड़क किनारे एक युवक का क्षत-विक्षत शव देख पुलिस को सूचना दी। शव जहां पड़ा था, उससे कुछ दूर एक बाइक क्षतिग्रस्त पड़ी थी।
इसके साथ ही वहां पर खून से सने टायर के निशान थे। मौके पर पहुंची धाता पुलिस ने युवक की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल की। तो कुछ ही देर बाद गुरसंडी गांव निवासी संत शरण सिंह व उनका परिवार थाने पहुंचा और बताया कि शव उनके पुत्र जय सिंह (35) का है।
घरवालों ने बताया कि जय सिंह गुरुवार शाम अपनी ननिहाल घोसी गांव से घर आ रहा था। वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों को आशंका है कि वह हादसे का शिकार हुआ है।
हादसा कब और कैसे हुआ, इसकी किसी को कोई जानकारी नहीं है। परिजनों के अनुसार युवक ने करीब छह साल पहले गांव की एक लड़की से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से वह बाहर रहने लगा था।
उसके पीछे पत्नी व दो बच्चे हैं। पुलिस ने डेंडासाई सड़क किनारे के दुकानदारों को बुलाकर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि नौ बजे तक वह दुकान पर थे लेकिन तब तक हादसा नहीं हुआ था। पुलिस ने पिता की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।