हुसैनगंज में पकड़े गए गोवशों को गाड़ी से उतारते पुलिस कर्मी। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
हुसैनगंज। गोवंश लदा ट्रक असनी बैरियर पर बुधवार शाम पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा है। पुलिस ने चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया। चालक के पास से तमंचा मिला है। ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगी मिली है। बरामद गोवंश गोशाला भेजे गए हैं।
गोवंश लदा कंटेनर आने की सूचना पर बुधवार शाम करीब पांच बजे लखनऊ मार्ग पर असनी गंगा घाट के पास लगे बैरियर पर पुलिस पहुंची। इसके बाद वाहनों की चेकिंग चालू की।
थानाध्यक्ष रणजीत बहादुर सिंह ने बताया कि बैरियर पर चेकिंग के दौरान रायबरेली-लालगंज की तरफ जा कंटेनर को रोका। चेकिंग में कंटेनर से 26 बैल बरामद हुए। इस पर चालक और उसके साथी को गिरफ्तार किया गया।
चालक कानपुर देहात भोगनीपुर थानाक्षेत्र के अमरौधा टंडन बाजार निवासी अताउर्रहमान और उसका साथी भोगनीपुर के चांदापुर निवासी रहीश निकला।
अताउर्रहमान के पास से एक तमंचा और कारतूस पुलिस को तलाशी में मिला। ट्रक पर लगी नंबर प्लेट भी फर्जी मिली। थानाध्यक्ष ने बताया पशु क्रूरता अधिनियम और परिवहन का दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सारे गोवंश गौशाला भेजे गए हैं।