असोथर। क्षेत्र के गेंडुरी गांव में करीब 50 मवेशी खुरपका की चपेट में हैं। बीमारी से एक मवेशी की मौत हो चुकी है। पशु पालकों की सूचना के बाद भी पशु चिकित्सक इलाज कराने के लिए गांव नहीं पहुंचे। मजबूरी में झोलाछाप से बीमार मवेशियों का इलाज कराने को पशुपालक मजबूर हैं।
हसवा ब्लाक के गेंडुरी गांव में एक हफ्ता से मवेशी बीमार हैं। पशुपालक बबलू सिंह का पड़वा की खुरपका से मौत हो गई। ग्रामीण श्यामू सिंह, कैलाश सिंह, नंदलाल सिंह, रोशन सिंह, विनोद ने बताया कि गांव में 50 मवेशी बीमार है।
पशुपालक विभाग ने अभी तक खुरपका के टीका नहीं लगाए हैं। इस कारण गांव में बीमारी फैल रही है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.आरडी अहिरवार ने बताया कि गेंडुरी गांव में बीमारी फैलने की जानकारी नहीं है। गुरुवार को ब्लाक टीम को भेजकर बीमार मवेशियों का इलाज कराया जाएगा।