फतेहपुर। दिवाली मेला को भुनाने के लिए परिवहन निगम की तैयारियां जोरों पर हैं। बसों की छोटी-छोटी कमियों को सुुधारने का काम वर्कशाप में चल रहा है।
85 बसों की सर्विस व छोटी से बड़ी कमियां सही कर दी गई हैं। रविवार को भी वर्कशाप में बसों की मरम्मत का काम तेजी से होता रहा। डिपो में चार बसें बची हैं, जो सोमवार को सही हो जाएंगी।
परिवहन विभाग को दिवाली मेला से आय बढ़ाने की बड़ी उम्मीद रहती है। खासकर चित्रकूट मेला व दिल्ली रूट पर यात्रियों का त्योहार के पहले से बाद तक आवागमन रहता है।
दिवाली मेला में डिपो की आय बढ़े, इसके लिए रोडवेज बसों की कमियों को दूर करने का काम तेजी से चल रहा है। सीनियर फोरमैन दुर्गाशंकर विश्वकर्मा ने बताया कि निगम की 85 बसों को सही करा दिया गया है।
जो बसें बची हुई है, उनकी भी मरम्मत का काम तेजी से हो रहा है। सोमवार तक इन्हें सही करके मेला वाले रूट पर लगा दिया जाएगा। एआरएम एमलएल केशरवानी ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली रूट की बसें ज्वालागंज से भेजी जाएंगी।
बुधवार से चित्रकूट मेला में जरूरत के हिसाब से बसों को लगाया जाएगा। दिवाली मेला को लेकर ज्वालागंज बस अड्डा में कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।