राकेश कुमार की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
छिवलहा। हथगाम-हुसैनगंज मार्ग पर मानापुर काली मंदिर के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को मोर्चुरी भेजा है। जबकि घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हथगाम थानाक्षेत्र के कोतला गांव निवासी राकेश कुमार (38) सोमवार शाम अपने साथी रावेंद्र रैदास (35) निवासी चकशाह फिरोजपुर के साथ बाइक से गांव आ रहा था।
मानापुर काली माता मंदिर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बिना हेलमेट लगाए बाइक चला रहे राकेश के सिर पर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जबकि रावेंद्र का पैर टूट गया। हादसा देख भाग रहे बोलेरो चालक को लोगों ने दौड़ाया तो वह कोदइला गांव के पास गाड़ी छोड़कर भाग निकला।
यह खबर जैसे ही राकेश के घर पहुंची तो कोहराम मच गया। घर में उसकी पत्नी निर्मला, बेटी खुशबू (15), छोटी (12), शिखा (9) व अंशिका (6) हैं। राकेश के पिता प्रभू पासवान ने बताया कि राकेश गांव में रहकर खेती करता था।
पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया हैं। एसओ हथगाम अश्विनी सिंह ने बताया कि घायल को अस्पताल भेजा गया है। राकेश के परिजन जैसे ही तहरीर देते हैं रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।