हादसे के बाद खखरेरू रोड पर लगा जाम। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
रक्षपालपुर। दरियामऊ गांव के पास एक ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सड़क पर जाम लग गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा और जाम खुलवाया।
थाना क्षेत्र के तक्कीपुर गांव निवासी दुर्गा प्रसाद (21) शटरिंग का काम करता है। वह सोमवार की सुबह आठ बजे बाइक से कील खरीदने के लिए खखरेरू जा रहा था।
दरियामऊ गांव के पास सामने से आ रहे सीमेंट लदे ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दुर्गा प्रसाद के सिर में गंभीर चोट लगी। वहीं घटना के बाद ट्रक चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया।
जिससे सड़क पर जाम लगने लगा। खखरेरू थाने से एसआई डीडी वर्मा मौके सूचना पर पहुंचे और एंबुलेंस से घायल को अस्पताल भेजा। इसके बाद क्रेन बुलाकर ट्रक को हटाया।
ट्रक चालक सीमेंट लेकर कानपुर जा रहा था। इंस्पेक्टर जयचंद्र भारती ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। ट्रक कब्जे में लिया गया है।