फतेहपुर। निर्माणाधीन सड़क और नाली का कुछ लोगों ने सामान चोरी कर ली। पुराई की गई मिट्टी तक गायब हो गई। विरोध करने पर ग्राम विकास अधिकारी से आरोपियों ने गाली गलौज की। मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों पर सरकारी कार्य में बाधा, बलवा, चोरी, गाली गलौज की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
चांदपुर थाने के बबई के रहने वाले रवि कुमार जाफरगंज कस्बा क्षेत्र में ग्राम विकास अधिकारी हैं। जाफरगंज के सिजौली गांव में कुछ दिनों से इंटरलॉकिंग सड़क और नाली निर्माण का कार्य चल रहा है।
गांव के कुछ लोग निजी जमीन बताकर सड़क बनाने का विरोध कर रहे थे। राजस्व टीम की पैमाइश के बाद जमीन ग्राम समाज की निकली थी। इसके बाद निर्माण चालू कराया गया था।
ग्राम विकास अधिकारी का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने निर्माण सामग्री रातों रात चोरी कर ली। पुराई की मिट्टी तक गायब हो गई। सूचना पर वह 24 दिसंबर को मौके पर गए थे।
निर्माण का विरोध करने वालों से सामान के बारे में पूछताछ की। इस दौरान सिजौली गांव के सुरेश, नरेश, सुनील, सुशील और अमित ने उनके साथ गाली-गलौज की। प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।