थरियांव। ट्रेलर मालिक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। चालक की सूचना पर मंगलवार दोपहर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थरियांव थानाक्षेत्र के पूर्वी बाईपास हाईवे पर स्थित एक ढाबे पर दोपहर करीब दो बजे ट्रेलर चालक पवन कुमार निवासी थाना सारन राजीव कालोनी जिला फरीदाबाद रुका।
केबिन में दुर्गंध आने पर उसने पिछली सीट पर सोए मालिक सुनील कुमार (42) निवासी सूंडना जिला रोहतक प्रांत हरियाणा को जगाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। चालक पवन ने 112 नंबर पर सूचना दी। थरियांव पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चालक पवन कुमार ने बताया कि मालिक भी ट्रेलर को चलाते थे। वह लोग जाम नगर गुजरात से प्लास्टिक दाना लोड करके बनारस जा रहे थे। भोर पहर मालिक ने उसे गाड़ी चलाने के लिए दे दी और खुद पीछे की सीट पर सो गए थे। थाना प्रभारी नंदलाल सिंह ने बताया हार्ट अटैक से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।