विकास भवन सभागार में शादी अनुदान योजना की जिला स्तरीय कमेटी की बैठक लेते सीडीओ सत्य प्रकाश
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। शादी अनुदान योजना का बजट आ गया है। अब बेटियों के हाथ पीले हो सकेंगे। अनुसूचित जाति, सामान्य और पिछड़ा वर्ग के लिए कुल 21.40 लाख का बजट शासन ने जारी कर दिया है। फिलहाल अल्पसंख्यक विभाग को आवंटित नहीं हुआ है। गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी सत्य प्रकाश ने योजना की समीक्षा की और अफसरों को निर्देश दिए कि योजना के तहत लाभार्थियों की चयन प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें अनुदान समय पर मुहैया कराया जाए।
समाज कल्याण अधिकारी केएस मिश्र ने बताया कि अनुसूचित जाति की पुत्री के लिए शादी अनुदान योजना के तहत 13.20 लाख का बजट प्राप्त हुआ है। इससे 66 को लाभांवित कराया जाना है। चालू वित्तीय वर्ष में इस योजना के तहत अनुसूचित जाति के 523 आवेदकों द्वारा ऑनलाइन आवेदन किया गया है, जिनमें से अभी तक एसडीएम और बीडीओ के स्तर से 75 आवेदक पात्र पाए गए हैं। इन आवेदनों को आगे बढ़ा दिया गया है। योजना के तहत अभी 66 आवेदकों को ही अनुदान दिया जाएगा। बाकी को बजट आने पर उपलब्ध कराया जाएगा।
इसी क्रम में सामान्य वर्ग पुत्रियों की शादी अनुदान के लिए 6.60 लाख का बजट प्राप्त हुआ है। जिससे 33 पात्र व्यक्तियों को लाभांवित कराया जाना है। इसके सापेक्ष सात आवेदन ब्लाक और तहसीलों से आगे बढ़ाए गए हैं। पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी मुदित श्रीवास्तव ने बताया कि पिछड़े वर्ग की पुत्रियों की शादी के लिए अनुदान के तहत 1.60 लाख का बजट प्राप्त हुआ है। जिससे आठ व्यक्तियों को लाभांवित कराया जाना है।
उन्होंने बताया कि फिलहाल अल्पसंख्यक विभाग में कोई बजट आवंटित नहीं हुआ है। इस वर्ग के लिए बजट आते ही जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दी जाएंगी। बता दें कि गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवारों को पुत्री की शादी के लिए सरकार की ओर से 20 हजार रुपये का अनुदान दिया जाता है। इस अवसर पर बिंदकी विधायक के प्रतिनिधि जेडी पटेल और अयाहशाह विधायक के प्रतिनिधि प्रकाश गुप्ता ने प्रतिभाग किया।