तपस्वी नगर रेलवे अंडरपॉस पुल में भरे पानी को निकालने के लिए लगा पम्पिंगसेट।
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। रविवार की शाम से रुक-रुक कर हो रही बारिश से जहां मौसम खुशनुमा हो गया है। वहीं शहर की सड़कें दलदल बन गई हैं। लोगों को कीचड़ से होकर आवागमन करना पड़ा। तपस्वी नगर में नवनिर्मित रेलवे लाइन का अंडरपास पुल के नीचे पानी भर गया। यहां से राहगीरों को निकलने में दिक्कत हुई। पम्पिंग सेट लगाकर पानी को सड़क से बाहर निकाला गया। तब आवागमन शुरू हुआ।
सोमवार को सुबह हुई तेज बारिश से शहर के पत्थरकटा चौराहा से चौक मार्ग, राधानगर से जयरामनगर, नई तहसील रोड और तपस्वी नगर के अंडरपास पुल में जलभराव हो गया। बारिश बंद होने के बाद सड़क से पानी हटा। तब वाहनों का आवागमन शुरू हुआ। वहीं पखवारे भर के बाद हुई बारिश से सूख रही फसलों को संजीवनी मिल गई। जिन किसानों ने किसी तरह धान की फसल लगा ली थी। तेज धूप और बिजली की अघोषित कटौती से किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे थे। धान की फसल सूखने लगी थी। रविवार की शाम और सोमवार की सुबह हुई तेज बारिश ने खुशनुमा मौसम बना दिया। चंद्रशेखर आजाद कृषि विज्ञान केंद्र थरियांव के मौसम विशेषज्ञ सचिन कुमार शुक्ला ने बताया कि दो दिन तक बारिश होने की संभावना है। मौसम में 73 फीसदी नमी रही। अधिकतम पारा 36 डिग्री और न्यूनतम पारा 25 डिग्री रिकार्ड किया गया।