अमौली/फतेहपुर। अमौली ब्लॉक के मंगलपुर टकौली गांव में टाइफाइड के साथ डेंगू का भी प्रकोप बढ़ गया है। टाइफाइड के कारण रविवार को महिला ने दम तोड़ दिया। गांव के चंद्रप्रकाश की पत्नी रानी देवी (35) बुखार के कारण कानपुर में भर्ती थीं । चार दिनों के अंदर वायरल फीवर से गांव में यह दूसरी मौत है। इससे पहले शुक्रवार को गांव की माया देवी नाम ने दम तोड़ा था। मौजूदा समय में इस गांव में सौ से ज्यादा लोग वायरल फीवर की चपेट में हैं। वहीं डेंगू के दस मामले अचानक सामने आने से हड़कंप मच गया है।
चंद्रप्रकाश के अनुसार रानी देवी को कई दिनों से तेज बुखार आ रहा था। तीन दिन पहले उसे कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां जांच में टाइफाइड की पुष्टि हुई थी । इससे पहले शुक्रवार को दम तोड़ने वाली माया देवी को भी टाइफाइड हुआ था। स्वास्थ्य विभाग तीन बार गांव में कैंप लगा चुका है लेकिन अभी तक सुधार नहीं दिखा रहा है। सौ से ज्यादा लोग बीमार हैं।