प्रेमनगर। सुल्तानपुर घोष थानाक्षेत्र के नयापुरवा (तेलइयाहार गांव) में शुक्रवार को शार्ट सर्किट से खेत में एक बीघा गेहूं की फसल जलकर बर्बाद हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गौंती निवासी शेर मोहम्मद का एक बीघा खेत नयापुरवा गांव के पास तेलईयाहार में है। शुक्रवार को खेत के ऊपर से गुजरी बिजली के तार से चिंगारी निकली और फसल में आग लग गई। लपटें देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पानी की व्यवस्था न होने के कारण ग्रामीणों ने अरहर की टहनियों से आग बुझाई। किसानों की मशक्कत की वजह से आग की लपटें दूसरे खेत तक नहीं पहुंच सकीं। परिवार में मात्र एक बीघे जमीन है जिसे शेर मोहम्मद के बेटे इफ्तेखार, अंसार, अबरार, निसार, इंतजार, इम्तियाज अहमद बारी-बारी से एक साल के लिए लेते हैं। इस बार इफ्तेखार अहमद की फसल खेत में खड़ी थी। इसे नवंबर में बेटी साहिबा का निकाह करना है। बताया कि लगभग 10 क्विंटल गेहूं पैदा हो जाता था। मौके पर थाना पुलिस ने पहुंच कर छानबीन की।