फतेहपुर। गाजीपुर थानाक्षेत्र के बरुहा गांव में शुक्रवार दोपहर बीमारी से तंग भेड़पालक ने जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। राहगीरों की सूचना पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
बरुहा गांव निवासी रामपाल का बेटा रमेश पाल(25) मंझले भाई राकेश पाल के साथ रहता था। भाई के साथ रहकर रमेश भेड़ चराता था। इधर कुछ दिनों से वह बीमार था। चकसकरन में रहने वाला बड़ा भाई राजेश कुमार भेड़पालक रमेश को अपने साथ दवा कराने असोथर ले गया था। वहां से दवा दिलाने के बाद घर पर छोड़ दिया। दोपहर के समय रमेश घर से निकल गया। करीब ढाई बजे कुछ राहगीरों ने गांव के करीब जंगल में एक आम के पेड़ पर रमेश को रस्सी के फंदे में लटका देखा। मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शिनाख्त की। भाई राकेश पाल ने बताया कि रमेश काफी दिन से बीमार था। शायद बीमारी से तंग आकर जान दे दी। थानेदार आशीष सिंह ने बताया कि राकेश की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।