फतेहपुर। शादी समारोह से घर लौट रहे दंपती के जेवरों से भरा बैग लेकर ई-रिक्शा चालक भाग गया। सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के नौगांव निवासी बृजेश कुमार दुबे ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी पूनम और बच्चों के साथ बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के मनौटी टिकरी गांव स्थित ससुराल में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बृहस्पतिवार को लौटते समय राधानगर थाना क्षेत्र के जयराम नगर में बस से उतरने के बाद पत्नी पूनम और बेटी गौरी के साथ ई-रिक्शा से लखनऊ बाईपास जा रहे थे।
जगह कम होने की बात कहकर चालक ने जेवरों से भरा बैग आगे रखवा लिया। लखनऊ बाईपास पहुंचने पर उन्हें उतारकर चालक बैग लेकर भाग गया। बैग में सोने का हार, माला, मंगलसूत्र, झुमकी, दो अंगूठियां, सोने की बेंदी, सलाई, बेसर, चांदी की दो जोड़ी तोड़िया, गुच्छा और दो जोड़ी बिछिया थीं।
पीड़ित के अनुसार करीब 15 लाख रुपये के जेवर चोरी हुए हैं। काफी तलाश के बाद भी चालक का पता नहीं चला। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ई-रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है।