विसर्जन के लिए खोदे जा रहे गढ्ढों का निरीक्षण करते एडीएम।
- फोटो : अमर उजाला
गंगा को अविरल निर्मल बनाने के लिए देवी प्रतिमाओं का भू-विसर्जन किया जाएगा। इसके लिए प्रशासनिक अमले ने तैयारी तेज कर दी है। अपर जिलाधिकारी आलोक सिंह ने शनिवार को भृगुधाम भिटौरा पहुंचकर खोदे जा रहे गड्ढों का जायजा लिया। उन्होंने गड्ढा खोदने का काम तेज करने के निर्देश दिए।
देवी प्रतिमाओं के भू-विसर्जन के लिए बीस गड्ढे खोदे जाने हैं। नगर पालिका की जेसीबी गड्ढे खोदने का काम कर रही है। एडीएम आलोक सिंह टीम के साथ भिटौरा पहुंचे और खोदे जा रहे गड्ढों का जायजा लिया। बता दें कि अब तक 14 गड्ढे खोदे जा चुके हैं। एडीएम ने लेखपाल को काम में तेजी लाने के निर्देश देकर कहा कि मूर्तियों के भू-विसर्जन में भक्तों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने आवागमन के लिए मार्गों में पैचिंग कराने, पेयजल के लिए पानी के टैंकर उपलब्ध कराने, प्रकाश के लिए बिजली की व्यवस्था कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बताया कि एक गड्ढे में पचास मूर्तियाें के विसर्जन की व्यवस्था रहेगी। कहा कि भू-विसर्जन के दौरान बैरीकेडिंग और पुलिस के इंतजाम रहेंगे। गंगा प्रहरी शैलेंद्र शरण सिंपल ने बताया कि वह टीम के साथ देवी पंडालों में पहुंचकर आयोजकों को भू-विसर्जन के लिए जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विसर्जन के दौरान गंगा बचाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारी मौजूद रहकर भक्तों की मदद करेंगे।