फतेहपुर। सोशल मीडिया पर एक पिकअप चालक का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिसकर्मियों और एआरटीओ कार्यालय पर वाहन छुड़ाने के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगा रहा है।
चालक अरुण शर्मा ने बताया कि तीन सितंबर को एआरटीओ विभाग ने उसकी पिकअप ओवरलोडिंग के आरोप में पकड़ी थी। वाहन को मलवां थाने की सौंरा चौकी में सीज किया गया था। चालक ने 27,100 रुपये का चालान जमा किया, पर आरोप है कि उससे 28 हजार रुपये लिए गए। वाहन छुड़ाने के लिए मलवां थाने में एक सिपाही ने एक हजार रुपये मांगे। सौंरा चौकी पर भी रुपये मांगने का आरोप लगाया। पीडि़त ने बताया कि एआरटीओ कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से बार-बार वसूली की शिकायत की। चालक के मुताबिक, एआरटीओ ने पुलिस से बातचीत की, जिसके बाद वाहन छोड़ा गया।
प्रभारी निरीक्षक रमाशंकर सरोज ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। एआरटीओ रंजीत सिंह ने बताया कि चालक ने कार्यालय में वसूली की कोई शिकायत नहीं की है।