फतेहपुर। जिले में क्षय रोग केंद्र के साथ 28 जगहों पर टीबी की मुफ्त जांच कराने की सुविधा उपलब्ध है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अभय पटेल ने दो हफ्ते से अधिक खांसी आने, बुखार रहने, सीने में दर्द, भूख कम लगने की शिकायत होने पर जांच कराने की सलाह दी है।
जांच में क्षय रोग की पुष्टि होती है तो तुरंत इलाज शुरू किया जाएगा। फिलहाल इस समय जिले में 3485 क्षय रोगियों का इलाज चल रहा है।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने बताया कि टीबी का इलाज बीच में न बंद करें। टीबी मरीज के खानपान में विशेष ध्यान देने की जरूरत है। खानपान के लिए निक्षय पोषण योजना के तहत 500 रुपये हर महीने मरीज के खाते में भेजा जाता है।
उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल सदर, क्षय रोग केंद्र फतेहपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खागा, हुसैनगंज, हथगाम, बिंदकी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असोथर, बहुआ, गोपालगंज और अमौली में टीबी की जांच की सुविधा है।
सीएचसी बिंदकी और टीबी अस्पताल में ट्रूूनेट मशीन लगी हैं। क्षय रोग केंद्र (जिला क्षय रोग अधिकारी कार्यालय) में सीबीनाट मशीन लगी है, जहां क्षय रोगियों की जांच की जा रही। सभी केंद्रों में माइक्रोस्कोपी से बलगम की जांच हो रही है।
इनसेट-
ये हैं टीबी के लक्षण
सीनियर ट्रीटमेंट आफीसर अजीत ने बताया कि दो सप्ताह या अधिक समय से लगातार खांसी आ रही है तो टीबी का लक्षण हो सकता है। बुखार आना, वजन घटना, भूख कम लगना, सीने में दर्द, खांसी के साथ बलगम आना और बलगम के साथ खून आना टीबी के लक्षण हैं।
--