फतेहपुर। खाद्यान्न के साथ चना, नमक और रिफाइंड का निशुल्क वितरण आज रविवार से 20 दिसंबर तक होगा। इसके लिए कोटेदारों को मुनादी कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कार्डधारकों को खाद्यान्न वितरण का पता चल सके।
अंत्योदय अन्न योजना के तहत दिसंबर के प्रथम चरण का खाद्यान्न रविवार से बांटा जाएगा। इस बार कार्डधारकों को एक किलो चना, एक किलो आयोडिन नमक व एक लीटर रिफाइंड मुफ्त दिया जाएगा। अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलो खाद्यान्न में 20 किलो गेहूं और 15 किलो चावल दिया जाएगा। पात्र गृहस्थी के कार्डधारकों को सदस्य के हिसाब से खाद्यान्न दिया जाएगा। एक सदस्य पर तीन किलो गेहूं, दो किलो चावल दिया जाएगा। जिला
पूर्ति अधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि जिन कार्डधारकों के आधार कार्ड का ई-पॉस मशीन से प्रमाणीकरण नहीं हो पा रहा है। उनके मोबाइल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से खाद्यान्न दिया जाएगा। मोबाइल ओटीपी से 20 दिसंबर को वितरण होगा। धाता, विजयीपुर, हसवा और असोथर ब्लाक के कोटेदारों को नमक का उठान अभी नहीं किया गया है। इन ब्लाक के कार्डधारकों को बाद में नमक दिया जाएगा।