कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में धान खरीद की तैयारी को लेकर बैठक करतीं डीएम अपूर्वा दुबे। संवाद
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। धान खरीद के लिए जिले में 13 क्रय केंद्र और बनाए गए हैं। अब 41 क्रय केंद्रों पर किसान धान बेच सकेंगे। तीन संस्थाओं के खरीद केंद्र बढ़ाए गए हैं। वहीं, धान खरीद को लेकर डीएम अपूर्वा दुबे ने कलक्ट्रेट गांधी सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें क्रय केंद्रों में सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश दिए गए।
डिप्टी आरएमओ अविनाश झा ने बताया कि हाटशाखा का मंडी समिति फतेहपुर में द्वितीय, बिंदकी मंडी में द्वितीय, खागा मंडी में द्वितीय क्रय केंद्र बनाया गया है। पीसीएफ से गाजीपुर सहकारी समिति, सहकारी संघ गाजीपुर, हुसैनगंज, मुरांव, धर्मपुर सुसवन, सिठौरा, धाता, महरहा और यूपीएसएस संस्था से हसवा, टेक्सारी बुजुर्ग में क्रय केंद्र बनाए गए हैं। डीएम अपूर्वा दुबे ने कहा कि जिले में 73 क्रय केंद्र बनाए जाने हैं। जिससे किसानों के धान की आसानी से तौल हो सके।
इसके लिए खरीद शुरू होने से पहले सभी 73 क्रय बना लिए जाएं। सभी एसडीएम को निर्देश दिया गया कि जिन किसानों ने पंजीकरण करा लिया है, उनका सत्यापन एक सप्ताह के अंदर कर दिया जाए। धान खरीद शुरू होने से पहले सभी क्रय केंद्र में सीसीटीवी कैमरा लगाकर निगरानी की जाए। इस मौके पर जिला खरीद अधिकारी विनय कुमार पाठक, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अविनाश कुमार झा, एसडीएम प्रमोद झा, आशीष कुमार, जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह, एआर कापरेटिव रामनयन सिंह, मंडी सचिव अनिल कुमार, दीपक कुमार मौजूद रहे।