किशनपुर। सरौली गोशाला से 20 सितंबर को गोवंश तस्करी का मामला सामने आया था। इसमें कानपुर के गैंगस्टर समेत चार लोगों को चार पहिया वाहन के साथ किसानों की मदद से पकड़ा गया था लेकिन गोशाला से गोवंश तस्करी कराने वाला स्थानीय तस्कर चार माह बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है। उसकी तलाश में पुलिस अब तक 15 बार अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे चुकी है।
पुलिस ने 21 सितंबर को कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र के वाजिदपुर निवासी मोहम्मद अमान, ग्वालटोली निवासी अयूब अली, दलेलपुर निवासी मुबीन और सरौली गांव के गोपालक जसवंत को जेल भेजा था। इनमें मोहम्मद अमान जाजमऊ थाने का गैंगस्टर है।
कानपुर के तीनों आरोपियों से पूछताछ में सामने आया था कि उन्हें सरौली गांव के गोपालक लुक्कू ने बुलाया था। पुलिस ने लुक्कू को भी गोवंश तस्करी के मामले में नामजद किया लेकिन करीब चार माह बीतने के बावजूद वह गिरफ्त से दूर है। आरोपी का मोबाइल भी बंद चल रहा है। थानाध्यक्ष सत्यदेव गौतम ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अब कोर्ट से गैरजमानती वारंट लिया जाएगा। (संवाद)