खेत में पावर प्लांट कर्मी का शव मिला
फतेहपुर। कई साल से ससुराल में रह रहे पावर प्लांट कर्मी का शव सोमवार रात खेत में मिला। ससुरालीजन शव घर ले गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पिता ने हत्या का आरोप लगाया है। चांदपुर थाने के पचौरा गांव निवासी शिवराम का बेटा कुलदीप (30) हमीरपुर जिले में पावर प्लांट में ठेके पर नौकरी करता था।
उसकी शादी करीब 10 साल पहले मकंदीपुर गांव की राखी के साथ हुई थी। शादी के बाद वह पत्नी को लेकर हमीरपुर में रहने लगा। उसकी पिता से पटती नहीं थी। इससे घर की बजाय ससुराल आता जाता था। लॉकडाउन के बाद से ससुराल में रह रहा था। मकंदीपुर से सोमवार शाम खेत के रास्ते से अमौली जा रहा था।
रात में ग्रामीणों ने उसे खेत में पड़ा देखकर ससुरालीजनों को सूचना दी। वे लोग उसे अमौली सीएचसी लेकर गए। डाक्टर के मृत घोषित करने पर शव लेकर घर चले गए। इधर, शिवराम ने बेटे की मौत की खबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मकंदीपुर गांव पहुंची। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पिता शिवराम का आरोप है कि बेटे को ससुरालीजनों ने जहर खिलाकर मार डाला है। पोस्टमार्टम हाउस में दोनों पक्षों ने अंतिम संस्कार के लिए शव की मांग की। पुलिस ने मध्यस्थता की और शव पिता को सौंप दिया। ससुरालीजनों को अंतिम संस्कार में शामिल होने देने को कहा। थानेदार केशव वर्मा ने बताया कि पिता के आरोप की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।