फतेहपुर। चार दिन के लॉकडाउन के बाद सोमवार को 12 और कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें 10 अकेले शहर के हैं। एक खागा और एक बिंदकी के तपनी गांव का है। जिले में एक्टिव केस बढ़कर 80 हो गए हैं। एक साथ इतने मामले सामने आने से जिले के लोग सहम गए हैं। प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया है। इस तरह से जिले में अब तक कुल संक्रमितों की संख्या 229 हो गई है।
प्रवासियों के बाद अब सामाजिक संक्रमण के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। शहर के वीआईपी कालोनी विद्यार्थी चौराहे की दो महिलाएं कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। ये बलिया और मिर्जापुर की रहने वाली हैं। एलआईसी के सामने वाली गली का एक शख्स जो प्रयागराज का निवासी है भी संक्रमित है।
मोहल्ला नई कालोनी अशोक नगर का एक, आवास विकास कालोनी के दो, आबूनगर मस्जिद के पास का एक, विष्णुपुरी कालोनी, तांबेश्वर चौराहा के पास निवासी व मसवानी मोहल्ले के एक-एक व्यक्ति संक्रमित निकले हैं। इसी तरह से खागा कस्बे के धूमनगंज मोहल्ले और बिंदकी क्षेत्र के तपनी गांव के एक-एक व्यक्ति संक्रमित मिले हैं।
एक ही दिन 12 केस सामने आने से प्रशासन की मुसीबतें बढ़ गई हैं। डीएम संजीव सिंह ने संबंधित इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। कुल 229 मामलों में से 80 केस एक्टिव जबकि कुल 149 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं।
कोरोना अपडेट
कुल लिए गए सैंपल- 8469
कुल प्राप्त रिपोर्ट- 7608
सोमवार प्राप्त रिपोर्ट- 464
सोमवार मिले कोरोना पॉजिटिव- 12
कुल कोरोना पॉजिटिव- 229
कोरोना एक्टिव केस- 80
डिस्चार्ज हुए केस- 149