सर्राफा कारोबारियों से एक माह पहले हुई लूट मामले में गिरोह के दो सदस्यों को दबोचकर पुलिस ने वारदात के खुलासे का दावा किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से 312 बोर का तमंचा, लूटी गई चांदी और लूट में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद हुई।
सर्वीलांस की मदद से पुलिस को उनकी लोकेशन मिली। पूछताछ में बदमाशों ने अन्य वारदातों को भी अंजाम देना कुबूल किया है।
एसपी सालिग राम वर्मा ने बताया कि विनोद मौर्या पुत्र रामगोपाल मौर्या निवासी नासिरपीर और आमिर पुत्र शाहिद निवासी अस्ती कालोनी को एकारी मोड़ पर गिरफ्तार किया गया।
बदमाशों के पास से 315 बोर का तमंचा और लूटी गई चांदी बरामद हुई। दोनों के मोबाइल की काल डिटेल खंगाली गई है।
पुलिस पूछताछ में दोनों का संपर्क गैंगस्टर राजेश ऊर्फ बब्लू निवासी देवकठिया थाना जंगीपुर जिला गाजीपुर के साथ होने का खुलासा हुआ है।
घटना के तीन दिन पहले से तीनों अपराधी एक दूसरे के संपर्क में रहे हैं। घटना से पहले और बाद में बदमाशों ने अपने मोबाइल बंद कर दिए थे।
वारदात को अंजाम देने में काली रंग की अपाचे बाइक इस्तेमाल की थी। काल डिटेल सामने आने के बाद बदमाशों की पड़ताल में पुलिस जुटी थी।
तीन दिन पहले दोनो बदमाश जेल से पेशी में आए साथी राजेश से मिलने गए थे। जहां पर उन लोगों ने खुद किसी से बातचीत में कहा था कि उनके साथी को पुलिस पकड़ने में कामयाब हो गई है, लेकिन उनको पकड़ना आसान नहीं हैं।
बदमाशों की घर और कामकाज की छानबीन में पता चला कि विनोद मौर्या रेल बाजार के धर्मेंद की टेंपो में नौकरी करता है।उसको रोज के पचास रुपये मिलते है।
घटना के दिन 23 जनवरी को काम पर नहीं गया था। उसी शाम नये कपड़ों, जूतों से लैस होकर मालिक के पास पहुंचा था।
दोस्तों के साथ जमकर पार्टी की थी। पकड़े गये बदमाशों ने देहुली में एक साल पहले लूटपाट की थी और जेल गये थे। जहां पर ही इनकी मुलाकात जेल में गैंगस्टर आरोपी राजेश से हुई थी।
तीन माह पहले तीनों जेल से बाहर आये थे। गौरतलब रहे कि शहर के शांतिनगर इलाका निवासी प्रेम कुमार सोनी अपने साथी सर्राफ के साथ कार से 23 जनवरी को हंसवा बाजार करने जा रहे थे। रास्ते में आंनदी माता के मंदिर के पास रुके थे। तभी बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया था।