हुसैनगंज(फतेहपुर)। लखनऊ रोड हाईवे पर बोलेरो सवार बदमाशों ने गुरुवार दोपहर ट्रक चालक को अगवा कर लिया। चालक के पास 40 हजार रुपये थे। पुलिस की कई घंटे की मशक्कत के बाद भी उसका सुराग नहीं लगा है। पुलिस ट्रक को एक ढाबे में खड़ा क राने के बाद मालिक के आने का इंतजार कर रही है।
ट्रक के खलासी देवीचरण निवासी कसरौंदा थाना मौदहा जिला हमीरपुर ने बताया कि उसके साथ ट्रक में चालक राजू उर्फ हल्के थे। चालक हमीरपुर जिले के ही भरुआ सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव निवासी हैं। वे लोग कबरई से डस्ट का भाड़ा लादकर गोरखपुर जा रहे थे। लखनऊ हाईवे मार्ग पर हुसैनगंज थाने के देवरी मोड़ के पास ट्रक पहुंचा था। तभी ट्रक को ओवरटेक कर एक बोलेरो पहुंची। बोलेरो से चार बदमाश नीचे उतरे।
ड्राइवर राजू को चालक सीट से घसीटकर उतार लिया। इसके बाद बोलेरो में चालक को बदमाश अगवा कर ले गए। घटना के बाद हमीरपुर के ही ट्रक मालिक अमित मिश्रा को सूचना दी। चालक के पास रास्ते के डीजल और खर्च का करीब 40 हजार रुपये की नकदी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास इलाके में काली बोलेरो की खोज करती रही। इसके बाद ट्रक को एक ढाबे में खड़ा कराया।
पुलिस ने ट्रक मालिक से भी बातचीत की है। एसएचओ एपी तिवारी ने बताया कि ट्रक मालिक के आने पर एफआईआर दर्ज की जाएगी। चालक की तलाश की जा रही है। मामला संदिग्ध मालूम पड़ रहा है। खलासी के मिले मोबाइल में लुटेरों की गाड़ी का नंबर भी फीड मिला है। बदमाशों की बोलेरो का नंबर दूसरी कार का निकला है।