गाजीपुर पीएचसी में रोती बिलखती बेटी व परिजन
- फोटो : अमर उजाला
गाजीपुर थाना क्षेत्र के बड़ागंाव के पास मंगलवार की रात ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। हादसे में किसान दयाशंकर उर्फ नंदू (40) की मौत हो गई, तीन लोग गंभीर घायल हैं। किसान को बुधवार दोपहर बेटी की वरीक्षा लेकर कौशांबी जाना था। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसा गांव के दोहरे मोड़ के चक्कर में होने की बात सामने आई है।
दयाशंकर उर्फ नंदू गाजीपुर थाना क्षेत्र के शाखा गांव निवासी जगरूप के बेटे थे। उनके भाई कृपाशंकर ने बताया कि मंगलवार को बिंदकी मंडी धान तौलाने गए थे। गांव का ट्रैक्टर चालक भूरा सिंह, दो मजदूर राम सिंह व रामविशाल भी साथ थे। धान उतारने के बाद रात को गांव वापस लौट रहे थे। बड़ागांव मोड़ पर ट्रैक्टर पहुंचा था। पहले मोड़ के बाद कुछ मीटर पर ही दूसरा मोड़ है। दूसरे मोड़ पर ट्रैक्टर चालक अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया।
इसमें ट्रैक्टर सवार सभी लोग दब गए। इसमें किसान दयाशंकर के ट्रैक्टर के नीचे दब गया। बाकी लोग ट्राली में दबे। सूचना पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। किसी तरह से दबे लोगों को बाहर निकाला जा सका। मौके पर ही किसान को मृत पाया गया। तीनों घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। एसओ सुभाष यादव ने बताया कि हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। भाई कृपाशंकर ने बताया कि परिवार में शादी का माहौल रहा है। भाई की बेटी गीता की वरीक्षा लेकर कड़ा सैनी जिला कौशांबी जाना था। उसकी सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। भाई की पत्नी सहोद्रा देवी कई साल पहले मौत हो गई थी। सबसे बड़ी बेटी गीता के बाद तीन बेटे आकाश, कन्हैया व जिगर हैं।