थरियांव थाना क्षेत्र के टेकसारी बुजुर्ग गांव की तीन छात्राएं
मालगाड़ी से कट गईं। तीनों छात्राएं बेर खाने के लिए जंगल की ओर जा रही थीं
कि अप लाइन पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गईं। तीनों ने तड़पते हुए
मौके पर ही दम तोड़ दिया।
टेकसारी बुजुर्ग निवासी रामबाबू की पुत्री
अंजू (8) गांव के परिषदीय स्कूल में कक्षा तीन में पढ़ती थी। इसी स्कूल में
शिवशंकर की पुत्री शिवानी (छह) कक्षा एक व पड़ोसी गनेश की पुत्री निशा
(14) कक्षा आठ में पढ़ती थीं।
मंगलवार को परिजनों के खेत पर जाने के बाद
तीनों लड़कियां घर के बाहर खेल रही थीं। इसी बीच गांव के पास जंगल में जाकर
बेर खाने की योजना बनाई। उन्होंने साथ खेल रहे बच्चों से भी चलने को कहा
लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ।
तीनों लड़कियां गांव से निकलकर रेलवे ट्रैक के
किनारे पहुंची। उसी समय डाउन ट्रैक से मालगाड़ी गुजर रही थी। तीनों
लड़कियों ने मालगाड़ी के गुजरने का इंतजार किया।
डाउन लाइन पार करके तीनों
लड़कियां जैसे ही अप लाइन पर पहुंचीं, दूसरी मालगाड़ी आ गई। तीनों लड़कियां
इसकी चपेट में आकर कट गईं।
हादसा देख आसपास के खेतों में धान काट रहे
ग्रामीण भाग कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तीनों लड़कियों की शिनाख्त कर
परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस
ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक साथ तीन परिवारों की लड़कियों
की मौत से गांव में कोहराम मचा है।