कोतवाली क्षेत्र के अंबेडकर चौराहे पर स्थित फु टवियर की दुकान की छत के टीनशेड को काटकर शुक्रवार की रात चोरों ने नगदी समेत करीब पचास हजार रुपये की कीमत का सामान चोरी कर लिया। चौराहे पर पूरी रात पिकेट तैनात रहती है। इस घटना से व्यापारियों में नाराजगी है।
नगर के मोहल्ला मुगलाही निवासी मिज्जन खान शनिवार की सुबह दुकान खोलने पहुंचे। दुकान का ताला खोलने के बाद यह अंदर पहुंचे। छत कटी देखकर इनके होश उड़ गए। अंदर सारा माल बिखरा पड़ा था। दुकान की छत में टीन शेड लगा हुआ है।
इसे ही काटकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने बताया कि चोर दुकान की गोलक से आठ हजार रुपये नगद व हजारों रुपये की कीमत के जूते व चप्पल चोरी कर ले गए हैं। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर जांच की। कोतवाल शैलेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।