बहुआ (फतेहपुर)। पुलिस चौकी से 500 मीटर की दूरी पर एक श्रृंगार केंद्र की दीवार रविवार की रात काटकर चोर लाखों का सामान ले उड़े। सौ मीटर पर ही पुलिस पिकेट लगी थी। आशंका जताई जा रही है कि चोर वाहन लेकर आए और उसमें सामान लेकर चले गए। इससे किसी को आभास भी नहीं हुआ कि चोर सामान उठा रहे हैं। लोगों ने भी यही समझा कि दुकान में सामान आया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर पड़ताल शुरू कर दी है।
ललौली थाना क्षेत्र के बरवट गांव निवासी अनिल कुमार की कस्बा में अंबिका श्रृंगार जनरल स्टोर है। रविवार शाम दुकान बंद कर गए थे। सुबह उन्हें फोन पर चोरी की जानकारी मिली। दुकान के पीछे वाले हिस्से की दीवार कटी थी। काउंटर खाली थे। जानकारी मिलते ही लोग दुकानदार में जमा हो गए। लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। एसओ श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि दुकानदार ने दो लाख की चोरी की रपट लिखाई है। तफ्तीश की जा रही है।