सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा के समीप लखनऊ रोड पर
मंगलवार सुबह निजी बस ने साइकिल सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी घटना
स्थल पर मौत हो गई। दुर्घटना के बाद बस भगाने के प्रयास में चालक ने सड़क
पटरी पर जा रहे वृद्ध को भी टक्कर मारकर घायल कर दिया। घटना से आक्रोशित
भीड़ ने लखनऊ रोड पर जाम लगा दिया। उप जिलाधिकारी विवेक श्रीवास्तव के
आश्वासन पर ढाई घंटे बाद जाम खुला।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के जगतपुर
गांडा निवासी मनोज कुमार उर्फ मोनू (20) शहर में मजदूरी करता था। मंगलवार
सुबह रोज की तरह युवक साइकिल से शहर मजदूरी करने आ रहा था। साइकिल सवार
जैसे ही चौफेरवा माइनर के समीप पहुंचा,
तभी पीछे से सवारी लेकर आ रही निजी
बस ने रौंद दिया। दुर्घटना होने के बाद चालक बस भगाने के प्रयास में
स्टेयरिंग से संतुलन खो बैठा और आगे सड़क पटरी पर जा रहे चौफेरवा निवासी
रामकिशुन (68) को टक्कर मार दी।
इसके बाद चालक बस लखनऊ बाईपास पर खड़ी कर
फरार हो गया। उधर, दुर्घटना की सूचना पर जगतपुर गांडा और मिश्रामऊ के
ग्रामीण एकत्र हो गए। इसके बाद लाश बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
जाम की
सूचना पर सदर कोतवाली और हुसैनगंज पुलिस पहुंची और भीड़ को समझाने की कोशिश
की, लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। पुलिस ने जाम की सूचना आला
अधिकारियों को दी।
उपजिलाधिकारी और सीओ सिटी वंदना सिंह भारी फोर्स के साथ
मौके पर पहुंचे। एसडीएम के मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद ग्रामीण जाम
खोलने पर राजी हुए।
उधर, पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करायाउधर
समाजवादी एंबुलेंस से घायल वृद्ध को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डाक्टरों की मानें, तो वृद्ध की हालत खतरे से बाहर है।