सदर कोतवाली क्षेत्र के हरिहरगंज की बाल्मीकि कालोनी में रविवार सुबह अनीता देवी(26) की संदिग्ध हालात में जलकर मौत हो गई। पति का कहना है कि शादी के पांच साल बाद भी बच्चा न होने पर अनीता ने खुदकुशी कर ली। वहीं मायके पक्ष ने छह ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अनीता देवी सदर कोतवाली क्षेत्र के हरिहरगंज इलाके बाल्मीकि कालोनी निवासी विजय कुमार नगर पालिका में तैनात सफाई कर्मी की पत्नी थी। खागा के ऐलई गांव निवासी भारत बाल्मीकि की बेटी अनीता की शादी अप्रैल 2012 को हुई थी। पति का कहना है कि शादी के पांच बीतने पर भी बच्चे न होने से अनीता दुखी रहती थी। वह और मां रविवार सुबह काम पर चले गए।
घर में अनीता अकेले थी, तभी उसने आग लगाकर खुदकुशी कर ली। काम से लौटे तो अनीता का फुंका शव देखकर हैरान रह गए। उधर, सूचना पाकर आए पिता भारत ने आरोप लगाया कि संतान न होने से बेटी को ससुराल के लोग ताने भी बहुत देते थे। उसने पति, सास समेत छह ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज में बाइक न देने की वजह से प्रताड़ित करने और आग लगाकर मार डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।