शहर में मथुरा के जवाहरबाग कांड की भड़काऊ होर्डिंग लगाकर सरकार के खिलाफ दुष्प्रचार करने की कोशिश की गई। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर ठेेकेदार और होर्डिंग बनाने वाली कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
शहर के प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाई गई थी। होर्डिंग में जवाहरबाग कांड में शहीद होने वाले पुलिस कर्मियों का चित्रांकन किया गया है। सरकार विरोधी नारे और भाजपा को लाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। शहर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
भड़काऊ होर्डिंग सारे स्थानों से हटवा दी गई हैं। पुलिस की खोजबीन में पता चला कि होर्डिंग नगर पालिका के ठेकेदार शहनवाज निवासी खेलदार ने लगवाई हैं। यह सारी होर्डिंग लखनऊ की एक कंपनी ने बनाई हैं। खुद मामला संज्ञान में लेकर राधानगर चौकी इंचार्ज कमलेश पाल ने कोतवाली में तहरीर दी।
कोतवाल आरके पांडेय ने बताया कि ठेकेदार व होर्डिंग बनाने वाली कंपनी के खिलाफ द्वेष पैदा करने और दुष्प्रचार की एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।