पुलिस कस्टडी में हमले का षड़यंत्र रचने का आरोपी लिपिक
- फोटो : अमर उजाला
बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता आरएन सिंह पर हुए कातिलाना हमले का षड़यंत्र रचने के आरोपी को पुलिस ने देर शाम गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के मुताबिक लिपिक ने हाईकोर्ट में गिरफ्तारी के लिए स्थगनादेश की अपील की थी, जिसे हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था।
पिछले दिनों अधीक्षण अभियंता कार्यालय में एसई पर आधा दर्जन नकाबपोशों ने हॉकी और डंडे से कातिलाना हमला किया था, जिसमें एसई के सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आई थी। घटना के बाद अधीक्षण अभियंता ने निलंबित लिपिक आशीष गर्ग एवं आधा दर्जन अज्ञात लोगों पर हमले के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। डीएम सेल्वा कुमारी ने भी मामले में पुलिस अफसरों से बात की। एसई पर हुए जानलेवा हमले में साजिश रचने के आरोप में लिपिक आशीष गर्ग को आबूनगर पुलिस चौकी प्रभारी प्रभुनाथ यादव ने बुधवार को शहर के आवास विकास मुहल्ले से गिरफ्तार कर कोतवाली लाए।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में लिपिक ने ठेकेदार रिंकू सिंह, गौरव सिंह का नाम भी लिया है। बताया कि कई टेंडर निरस्त करने की वजह से ठेकेदार भी खुन्नस खाए हुए थे। इन ठेकेदारों के नाम वांछित हैं। पुलिस ने लिपिक को गिरफ्तार सीजेएम कोर्ट में पेश किया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक राजकमल यादव ने बताया कि शेष हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही हमले के आरोपी पकड़े जाएंगे।