बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सर्राफ गली में सर्राफ
शैलेंद्र की दुकान से नाबालिगों ने ग्राहक से 22 हजार रुपये की टप्पेबाजी
की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना से सर्राफा मंडी में
हड़कंप मच गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।
कोतवाली
क्षेत्र के रारी गांव निवासी शफाक ने सर्राफ की दुकान से मंगलवार की शाम
आठ हजार रुपये के आभूषण खरीदे थे। उन्होंने जेब से हजार रुपये की गड्डी से
आठ हजार रुपये निकाल कर सर्राफ को दिए और फिर दुकान से चले गए।
देर शाम को
वापस शफाक दुकान पहुंचे और 22 हजार रुपये काउंटर पर छोड़कर जाने की बात
कहकर हंगामा करने लगे। सर्राफ ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला। जिसमें शफाक के
रुपये जेब में डालते समय एक किशोर और किशोरी दुकान में दिखाई पड़े।
जब शफाक
जेब में रुपये डाल रहे थे तभी किशोर ने पॉलीथीन लगा दी थी। शफाक ने रुपये
अपनी जेब के बजाए पॉलीथीन में डाल दिए। कोतवाल केके यादव ने बताया कि घटना
की पड़ताल की जा रही है।