फतेहपुर। सदर कोतवाली क्षेत्र के पनी मोहल्ले में सोमवार देर रात रास्ते के विवाद में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान मोहल्ले में भगदड़ की नौबत रही। बवाल के दौरान महिला की मौत हो गई। घटना के बाद कोतवाली में भी हंगामा हुआ। पुलिस ने सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो को हिरासत में लिया है। पुलिस महिला की मौत को संदिग्ध मान रही है। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है।
पनी मोहल्ला निवासी स्वर्गीय नवी बक्स की पत्नी जरीना उर्फ मौला (55) एवं पड़ोसी लाला बशीर के बीच रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। सोमवार रात जरीना का बेटा शानू उर्फ शारिक बाइक निकाल रहा था। आरोप है कि तभी पड़ोसी लाला बशीर बेटा शाहनवाज भी रास्ते में बाइक लेकर खड़ा हो गया। गली की चौड़ाई कम होने के कारण दोनों बाइकों में भिड़ंत हो गई। इसी बात को लेकर दोनों में मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों पक्ष के लोग जुट गए। दोनों तरफ से जमकर मारपीट हुई। इस दौरान मोहल्ले में हलचल मच गई। इस दौरान जरीना घायल हो गई। उसे आनन- फानन में प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। परिजन जिला अस्पताल ले गए तो डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को दी तहरीर ने शानू ने आरोप लगाया कि सुदून पुत्र मकसूद, लाला बशीर, लाला बशीर की पत्नी नसीमुन व बेटा शाहनवाज, आजम पुत्र वहीद, राजाबाबू पुत्र असलम, नयाब पुत्र अजीज ने उसकी जमकर पिटाई की। इसी बीच उसकी मां जरीना व भाई आरिफ उर्फ बब्बू बीच बचाव करने आए तो आरोपियों ने लाठी, डंडे एवं छूरी से हमला कर दिया। इस दौरान जरीना बेहोश होकर गिर पड़ी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जरीना का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा और शानू व आरिफ का भी मेडिकल कराया। कोतवाल दीपक पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ गैरइरदातन हत्या, बलवे, धमकी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मौके पर मारपीट हुई है लेकिन महिला की मौत पिटाई से होना संदिग्ध मालूम पड़ रहा है।
कोतवाली में हुआ हंगामा
जरीना की मौत के बाद उसके परिजन रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने टरकाने की कोशिश की। इस पर जरीना पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और कोतवाली में हंगामा करने लगे। बाद में पुलिस ने समझा बुझाकर शांत कराया। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज हुई।