हैलो, आज फतेहपुर स्टेशन को बम से उड़ा दिया जाएगा।
बचा सकते हो तो बचा लो। यह सूचना कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर आते ही पुलिस
प्रशासन में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते पूरा स्टेशन छावनी में तब्दील
हो गया। स्टेशन परिसर में कोने-कोने की तलाशी ली गई। सीओ वंदना सिंह ने बम
निरोधक दस्ते के साथ निरीक्षण शुरू किया और एक-एक यात्री की तलाशी ली गई।
कंट्रोल
रूम में बम की सूचना आते ही सीओ वंदना सिंह भारी पुलिस बल के साथ स्टेशन
पहुंच गईं। जहां पर हर आने-जाने वाले की जामा तलाशी लेने का सिलसिला दोपहर
से शाम तक चलता रहा।
बम निरोधक दस्ता ने स्टेशन पर बैठे मुसाफिरों के
सामान, प्रतीक्षालय, शौचालय समेत सभी जगहों की चेकिंग की। पुलिस बल में सदर
कोतवाल राजकुमार पांडेय, हरिहरगंज चौकी इंचार्ज इजहार अहमद, बाकरगंज चौकी
इंचार्ज मोहम्मद असलम समेत पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
कानपुर क्षेत्र के
जीआरपी सीओ रामकृष्ण मिश्रा पुलिस बल के दोपहर को स्टेशन पहुंचे और जीआरपी
प्रभारी समर बहादुर सिंह को स्टेशन परिसर में आने-वाले लोगों पर निगरानी
करने को निर्देश दिए।
वहीं सुरक्षा के मद्देनजर निगाह रखते हुए इलाहाबाद से
डॉग स्क्वायड के साथ टीम ने स्टेशन का निरीक्षण किया। यात्रियों के सामान
के अलावा स्टेशन परिसर के भवनों और पटरियों का निरीक्षण किया।
जिस मोबाइल
फोन से फतेहपुर स्टेशन को उड़ाने की धमकी दी गई थी, उसे ट्रेस करने का काम
चल रहा है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि लोकेशन के मुताबिक यह फोन बिंदकी
इलाके से आया था।
मोबाइल नंबर को लेने के लिए लगी आईडी निकलवायी जा रही है।
यदि वह फेक निकली तो आईएमईआई नंबर का सहारा लेकर छानबीन कराई जाएगी।