थरियांव थानांतर्गत बिलिंदा कस्बे के रसूलपुर गांव में पहुंचे चौथिहारों को रविवार शाम एक अन्य घर में आई बारात के लोगों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। घटना में दस लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा है। कई थानों की फोर्स ने पहुंचकर हालात को काबू किया। घटना बारात में चौथिहारों में शामिल एक बच्चे के बारात में घुसकर रुपये लूटने पर हुई।
बिलंदा निवासी बाबू शाह के बेटे अनवर का सलेमपुर रसूलपुर गांव के सलीम की बेटी शमा के साथ शनिवार को निकाह हुआ था। रविवार को सलीम चौथी लेकर परिवारीजनों के साथ बिलंदा आए थे। इसी दिन बाबू शाह की बेटी अंजुम बानो की शादी होनी थी। करमचंद्रपुर साडा गांव से मोहर्रम अली (दूल्हा) बारात लेकर आया। निकाह से पहले बारात गांव में घूमने निकली। इसमें डीजे पर रुपये लुटाए जा रहे थे। इस दौरान चौथी लेकर आए सलीम का भांजा सलमान (8) रुपये उठाने लगा।
तभी किसी बाराती ने सलमान को लात मार दी। चौथिहार पक्ष (चौथी लेकर आए लोग) के लोगों ने विरोध जताया तो दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। पीड़ित पक्ष के मुताबिक असलहों से लैस बारातियों ने राइफल, बंदूक के कुंदे से हमला कर दिया। जान बचाने को दूसरे पक्ष के लोग भागने लगे तो पथराव शुरू हो गया। चौथिहारों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा जाने लगा। घटना में रसूलपुर गांव के हनीफ, रहमतुल, सनीमुल, सलमान, इमरान व दूसरे पक्ष के अब्दुल मोईद, सुबराती समेत दस लोग घायल हो गए।
करमचंद्रपुर साडा गांव के प्रधान नदीमउद्दीन और बेंती प्रधान शानू मौके पर पहुंचे। इन्होंने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करने का प्रयास किया।
इस बीच फिर किसी ने पथराव कर दिया। पत्थर लगने से बेंती प्रधान घायल हो गए। दूसरे पक्ष के अब्दुल मोईद का आरोप है कि चौथिहार पक्ष के लोगों ने बारात के दौरान पथराव किया। सूचना पर कई थानों की फोर्स पहुंची। एसओ बिपिन कुमार सिंह ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। किसी पक्ष से तहरीर नहीं आई है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।