पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों से बातचीत करते तहसीलदार और कोतवाल
- फोटो : Amar ujala
थाना क्षेत्र के हाजीपुर गंग गांव में बुजुर्ग किसान बच्चा की मौत पर शनिवार देर रात जमकर बवाल हुआ। गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने आरोपियों के घर तोड़फोड़ की। मकान का एक हिस्सा ढहा दिया। घर का सामान आग के हवाले कर दिया। यह सब कुछ तब हुआ जब तनाव के मद्देनजर गांव में दो पुलिसकर्मी तैनात थे। गांव में अब भी तनाव के हालात हैं। सीओ थरियांव व कई थानों की फोर्स व पीएसी लगा दी गई है। इधर, एसपी बलिकरन यादव ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है। रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पोस्टमार्टम व अंतिम संस्कार कराया गया।\
बता दें कि शुक्रवार को गांव निवासी बच्चा लोधी (65) और उनके बेटे परमजीत व बीरू को पेड़ काटने का विरोध करने पर दूसरे पक्ष के मनोहर लोधी और उसके बेटों रोहित, वीरेंद्र व भतीजे आशीष ने कुल्हाड़ी से हमला किया था। बच्चा की कानपुर ले जाते वक्त मौत हो गई थी। परमजीत हैलट में भर्ती है। एएसपी आरके यादव ने एहतियात के तौर पर गांव में दो पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई थी।
शनिवार रात ग्रामीणों ने हत्यारोपी मनोहर के घर धावा बोल दिया। ताला तोड़कर ग्रामीण घर में घुसे और एक हिस्सा ढहा दिया। तोड़फोड़ भी हुई। कुल्हाड़ियों से दरवाजे तोड़ डाले। इसके बाद आशीष के घर में धावा बोला। उसके घर में भी तोड़फोड़ कर काफी सामान बाहर निकाल उसमें आग लगा दी गई। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी मूकदर्शक बने रहे। पुलिस फोर्स एक घंटे बाद पहुंचा। तब तक काफी नुकसान हो चुका था। खाद्यान्न, कपड़ों समेत घरेलू सामान आग के हवाले किया जा चुका था। मौके पर थरियांव सीओ पुर्णेंदु सिंह, पीएसी, पुलिस फोर्स को तैनात किया है। एसपी बलिकरन यादव ने बताया कि मामले की रिपोर्ट तलब की गई है। हीलाहवाली करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।